उनका दावा, मुफ़लिसी का मोर्चा सर हो गया
पर हकीक़त ये है मौसम और बदतर हो गया,
बंद कल को क्या किया मुखिया के खेतो में बेगार
अगले दिन ही एक होरी और बेघर हो गया,
जब हुई नीलाम कोठे पर किसी की आबरू
फिर अहिल्या का सरापा ज़िस्म पत्थर हो गया,
रंग रोगन से पुता, पहलू में लेकिन दिल नहीं
आज का इन्सान भी काग़ज का पैकर हो गया,
माफ़ करिए, सच कहूँ तो आज हिन्दुस्तान में
कोख़ ही ज़रखेज़ है अहसास बंज़र हो गया..!!
~अदम गोंडवी
Discover more from Hindi Gazals :: हिंदी ग़ज़लें - A Huge collection of Hindi/Urdu Ghazals :: हिंदी/उर्दू ग़ज़लों का विशाल संग्रह
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

























