चाँद का ख़्वाब उजालों की नज़र लगता है

चाँद का ख़्वाब उजालों की नज़र लगता है
तू जिधर हो के गुज़र जाए ख़बर लगता है,

उस की यादों ने उगा रखे हैं सूरज इतने
शाम का वक़्त भी आए तो सहर लगता है,

एक मंज़र पे ठहरने नहीं देती फ़ितरत
उम्र भर आँख की क़िस्मत में सफ़र लगता है,

मैं नज़र भर के तेरे जिस्म को जब देखता हूँ
पहली बारिश में नहाया सा शजर लगता है,

बेसहारा था बहुत प्यार कोई पूछता क्या
तू ने काँधे पे जगह दी है तो सर लगता है,

तेरी क़ुर्बत के ये लम्हे उसे रास आएँ क्या
सुब्ह होने का जिसे शाम से डर लगता है..!!

~वसीम बरेलवी


Discover more from Hindi Gazals :: हिंदी ग़ज़लें - A Huge collection of Hindi/Urdu Ghazals :: हिंदी/उर्दू ग़ज़लों का विशाल संग्रह

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply