तेरे ख़याल को ज़ंजीर करता रहता हूँ

तेरे ख़याल को ज़ंजीर करता रहता हूँ
मैं अपने ख़्वाब की ताबीर करता रहता हूँ,

तमाम रंग अधूरे लगे तेरे आगे
सो तुझ को लफ़्ज़ में तस्वीर करता रहता हूँ,

जो बात दिल से ज़बाँ तक सफ़र नहीं करती
उसी को शेर में तहरीर करता रहता हूँ,

दुखों को अपने छुपाता हूँ मैं दफ़ीनों सा
मगर ख़ुशी को हमागीर करता रहता हूँ,

गुज़िश्ता रुत का अमीं हूँ नए मकान में भी
पुरानी ईंट से तामीर करता रहता हूँ,

मुझे भी शौक़ है दुनिया को ज़ेर करने का
मैं अपने आप को तस्ख़ीर करता रहता हूँ,

ज़मीन है कि बदलती नहीं कभी मेहवर
मैं कैसी कैसी तदाबीर करता रहता हूँ ?

जो मैं हूँ उस को छुपाता हूँ सारे आलम से
जो मैं नहीं हूँ वो तश्हीर करता रहता हूँ..!!

~आलम ख़ुर्शीद


Discover more from Hindi Gazals :: हिंदी ग़ज़लें - A Huge collection of Hindi/Urdu Ghazals :: हिंदी/उर्दू ग़ज़लों का विशाल संग्रह

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply