खाने को तो ज़हर भी खाया जा सकता है
लेकिन उस को फिर समझाया जा सकता है,
इस दुनिया में हम जैसे भी रह सकते हैं
इस दलदल पर पाँव जमाया जा सकता है,
सब से पहले दिल के ख़ालीपन को भरना
पैसा सारी उम्र कमाया जा सकता है,
मैं ने कैसे कैसे सदमे झेल लिए हैं
इस का मतलब ज़हर पचाया जा सकता है,
इतना इत्मीनान है अब भी उन आँखों में
एक बहाना और बनाया जा सकता है,
झूठ में शक की कम गुंजाइश हो सकती है
सच को जब चाहो झुठलाया जा सकता है..!!
~शकील जमाली
Discover more from Hindi Gazals :: हिंदी ग़ज़लें - A Huge collection of Hindi/Urdu Ghazals :: हिंदी/उर्दू ग़ज़लों का विशाल संग्रह
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

























