तारीकियों को आग लगे और दिया जले

तारीकियों को आग लगे और दिया जले
ये रात बैन करती रहे और दिया जले,

उसकी ज़बाँ में इतना असर है कि निस्फ़ शब
वो रौशनी की बात करे और दिया जले,

तुम चाहते हो तुम से बिछड़ के भी ख़ुश रहूँ
यानी हवा भी चलती रहे और दिया जले,

क्या मुझ से भी अज़ीज़ है तुम को दिए की लौ
फिर तो मेरा मज़ार बने और दिया जले,

सूरज तो मेरी आँख से आगे की चीज़ है
मैं चाहता हूँ शाम ढले और दिया जले,

तुम लौटने में देर न करना कि ये न हो
दिल तीरगी में घेर चुके और दिया जले..!!

~तहज़ीब हाफ़ी

Leave a Reply