एक बीवी कई साले हैं ख़ुदा ख़ैर करे
खाल सब खींचने वाले हैं ख़ुदा ख़ैर करे,
तन के वो उजले नज़र आते हैं जितने यारो
मन के वो इतने ही काले हैं ख़ुदा ख़ैर करे,
कूचा ए यार का तय होगा सफ़र अब कैसे ?
पाँव में छाले ही छाले हैं ख़ुदा ख़ैर करे,
मेरा ससुराल में कोई भी तरफ़दार नहीं
उन के होंठों पे भी ताले हैं ख़ुदा ख़ैर करे,
क्या तअज्जुब है किसी रोज़ हमें भी डस लें
साँप कुछ हम ने भी पाले हैं ख़ुदा ख़ैर करे,
ऐसी तब्दीली तो हम ने कभी देखी न सुनी
अब अँधेरे न उजाले हैं ख़ुदा ख़ैर करे,
हर वरक़ पर है छपी ग़ैर मोहज़्ज़ब तस्वीर
कितने बेहूदा रिसाले हैं ख़ुदा ख़ैर करे,
पापुलर हाथ में कट्टा है तो बस्ते में हैं बम
बच्चे भी कितने जियाले हैं ख़ुदा ख़ैर करे..!!
~पॉपुलर मेरठी

























