चराग़ ख़ुद ही बुझाया बुझा के छोड़ दिया

चराग़ ख़ुद ही बुझाया बुझा के छोड़ दिया
वो ग़ैर था उसे अपना बना के छोड़ दिया,

हज़ार चेहरे हैं मौजूद आदमी ग़ाएब
ये किस ख़राबे में दुनिया ने ला के छोड़ दिया,

मैं अपनी जाँ में उसे जज़्ब किस तरह करता
उसे गले से लगाया लगा के छोड़ दिया,

मैं जा चुका हूँ मेंरे वास्ते उदास न हो
मैं वो हूँ तू ने जिसे मुस्कुरा के छोड़ दिया,

किसी ने ये न बताया कि फ़ासला क्या है
हर एक ने मुझे रस्ता दिखा के छोड़ दिया,

हमारे दिल में है क्या झाँक कर न देख सके
ख़ुद अपनी ज़ात से पर्दा उठा के छोड़ दिया,

वो तेरा रोग भी है और तेरा इलाज भी है
उसी को ढूँढ जिसे तंग आ के छोड़ दिया,

वो अंजुमन में मिला भी तो उस ने बात न की
कभी कभी कोई जुमला छुपा के छोड़ दिया,

रखूँ किसी से तवक़्क़ो तो क्या रखूँ शहज़ाद
ख़ुदा ने भी तो ज़मीं पर गिरा के छोड़ दिया..!!

~शहज़ाद अहमद


Discover more from Hindi Gazals :: हिंदी ग़ज़लें - A Huge collection of Hindi/Urdu Ghazals :: हिंदी/उर्दू ग़ज़लों का विशाल संग्रह

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply